टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के लिए विशेष रोगी सहायता हेतु बैठक का आयोजन

कोंडागांवकलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और उनके परिवारों के लिए पहली बार एक विशेष रोगी सहायता समूह बैठक 19 दिसंबर  2025 को सुबह 10 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोण्डागांव में आयोजन किया जाएगा।

इस बैठक में टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे बच्चों तथा उनके अभिभावकों को रोग से संबंधित सही जानकारी प्रदान करना है। इसमें नियमित उपचार, इंसुलिन प्रबंधन, संतुलित खानपान, स्कूल में देखभाल, मानसिक एवं भावनात्मक सहयोग तथा दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया जाएगा। इसमें यूनिसेफ स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह, जिला नोडल अधिकारी, गैर संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. ममता ठाकुर एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भावजा महलवार के समन्वय से बैठक संपन्न होगी। बैठक में गैर संचारी रोग सेल के अधिकारीगण, यूनिसेफ एवं एनसीसीआर के प्रतिनिधि तथा विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहेंगे।

भारत में टाइप-1 डायबिटीज के मामलों में निरंतर बढ़ोतरी को देखते हुए यह पहल अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार भारत उन देशों में शामिल है जहाँ बच्चों में इस बीमारी का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। समय पर पहचान, नियमित उपचार और उचित जागरूकता के अभाव में यह रोग बच्चों के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। ऐसे में कोण्डागांव जिले में पहली बार आयोजित यह रोगी सहायता समूह बैठक प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा एवं आवश्यक अवसर प्रदान करेगी।

जिला स्वास्थ्य समिति ने टाइप-1 डायबिटीज से प्रभावित सभी बच्चों एवं उनके परिवारों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों, ताकि वे उपचार, देखभाल एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कर सकें और अपने बच्चों के जीवन को सुरक्षित एवं बेहतर बना सकें।