राज्य स्तरीय जनजातीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय में 20 से 21 फरवरी तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन आदिम जाति विकास विभाग एवं आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता का विषय जनजातीय जीवनशैली है, प्रतियोगिता का आयोजन सबेरे 10ः00 से शाम 5ः00 बजे तक होगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से अनुसूचित जनजाति संवर्ग के प्रथम 150 पंजीकृत प्रतिभागियों को शामिल किया जायेगा।
आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रस्तावित यह चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन के कैनवास के माध्यम से किया जायेगा। कैनवास चित्रकारी में 18 से 30 वर्ष एवं 30 वर्ष से अधिक दो अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। केनवास में चित्रकारी करने के लिए प्रतिभागी को 20 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे से 21 फरवरी शाम 4:00 बजे तक का समय उपलब्ध रहेगा। निर्णायक मण्डल द्वारा अंक पद्धति से प्रतिभागियों द्वारा बनायी गई पेंटिग्स का मूल्यांकन किया जावेगा। प्रतियोगिता का परिणाम 21 फरवरी 2026 को घोषित किया जाएगा।
प्रतिभागी की आयु की गणना दिनाँक 01 जनवरी 2026 के आधार पर की जायेगी तथा आयु की पुष्टि हेतु कोई शैक्षणिक अभिलेख, जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति आदि जिसमें जन्मतिथि अंकित हो, प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। चित्रकला प्रतियोगिता हेतु आवश्यक सामाग्री चित्रकला हेतु केनवास का साईज 24‘‘x30‘‘ निर्धारित किया गया है। प्रतिभागी चित्रकार अपनी स्वेच्छा एवं सुविधानुसार रंगो यथा एक्रिलिक कलर, आईल पेस्टल आदि का चयन कर सकते हैं। पेंसिल, इरेजर, शार्पनर, पैलेट, नैपकिन, डिस्पोजल ग्लास, कलर्स, केनवास तथा स्टैण्ड (ईजल) संस्थान द्वारा उपलब्ध कराया जावेगा। शेष सामग्री यथा ब्रश व अन्य पेंटिंग से सबंधित आवश्यक सामग्री प्रतिभागी को लाना होगा।
राज्य स्तरीय जनजातीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रत्येक आयु वर्ग से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 20 हजार रूपए, द्वितीय स्थान प्राप्त करन वाले को 15 हजार रूपए तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रूपए का पुरूस्कार प्रदान किया जायेगा। इसी तरह से 30 वर्ष से अधिक के प्रतिभागियां को भी प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 20 हजार, द्वितीय पर 15 हजार रूपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रूपए की राशि प्रदान की जायेगी। इसके अतिरिक्त दोनो आयु वर्ग के 10-10 प्रतिभागियों को 2 हजार के मान से संतावना पुरूस्कार प्रदान किया जायेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को कोई शुल्क नहीं देना पड़ेगा।




