उपमुख्यमंत्री ने कबीर कुटियों को वाद्ययंत्रों के लिए 4.25 लाख रूपए का किया वितरण

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित विधायक कार्यालय में 17 कबीर कुटियों को भजन, सत्संग, कीर्तन एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए प्रत्येक कबीर कुटी को 25-25 हजार रुपए की मान से कुल 4 लाख 25 हजार रुपए की राशि का चेक वितरित किया। कबीरपंथ से जुड़ी धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जनसंपर्क मद से वाद्ययंत्रों के खरीदी के लिए यह स्वीकृत किया गया। उप मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत यह राशि संबंधित कबीर कुटियों को आज प्रदान की गई, जिससे वहां नियमित रूप से आयोजित होने वाले भजन, सत्संग, कीर्तन एवं अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों के लिए आवश्यक वाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।  

उल्लेखनीय है कि क्षेत्र की कबीर कुटियों द्वारा वाद्ययंत्रों की आवश्यकता को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया गया था। समाज की इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए 17 कबीर कुटियों के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की। आज उपमुख्यमंत्री द्वारा विधिवत चेक वितरण कर कबीरपंथी समाज को यह सौगात प्रदान की।